बीजापुर में नक्सलियों के 14 डंप बरामद, CRPF ने हथियार और IED का बड़ा जखीरा किया जब्त

बीजापुर, 7 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। CRPF की 199वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाकर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 14 डंप बरामद किए हैं। इन डंप से हथियार, IED और विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई है।

जानकारी के अनुसार, 5 सितंबर को मिली खुफिया सूचना के आधार पर एड़ी, हर्री, नयापारा, सरपंचपारा, पीडिया और कुआपगुड़ा के जंगलों में अभियान चलाया गया। कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की देखरेख में जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली।

तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को 7 राइफलें, 10 IED, 8 डेटोनेटर, कॉर्डेक्स तार और एक वायरलेस सेट समेत अन्य सामान मिला। बरामद हथियारों में एक .303 बोल्ट एक्शन राइफल, पांच भरमार राइफलें और एक 12 बोर की देसी राइफल शामिल हैं।

सुरक्षा बलों के मुताबिक, जंगल में छिपाकर रखी गई सामग्री का इस्तेमाल नक्सली भविष्य में जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए कर सकते थे। बरामद सामान में IED निर्माण से जुड़ी सामग्री, बिजली के उपकरण, प्लास्टिक और स्टील के कंटेनर, नक्सली कपड़े समेत कुल 99 प्रकार की सामग्री शामिल है।

सुरक्षा बलों की सतर्कता और समय रहते की गई कार्रवाई से नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई। अभियान के दौरान किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *