सड़क दुर्घटना पीड़ितों को अब मिलेगी तेज राहत, जगदलपुर में 31 जुलाई को होगा संभाग स्तरीय विशेष प्रशिक्षण

प्रधानमंत्री राहत योजना और ई-डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रशासनिक अधिकारियों को मिलेगा प्रशिक्षण

जगदलपुर, 14 जुलाई 2026।
सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने के साथ ही दुर्घटना मामलों के त्वरित एवं पारदर्शी निपटारे के लिए जगदलपुर में 31 जुलाई को संभाग स्तरीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कलेक्ट्रेट परिसर के प्रेरणा कक्ष में सुबह 11 बजे से होने वाले इस प्रशिक्षण में प्रधानमंत्री राहत योजना और इलेक्ट्रॉनिक डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट (e-DAR) प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण का उद्देश्य सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, दुर्घटना मामलों की त्वरित स्वीकृति, राहत राशि के शीघ्र भुगतान, दुर्घटना संबंधी डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करना तथा उपलब्ध निधि का शत-प्रतिशत प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में जिला जीआरओ (प्रधानमंत्री राहत योजना), पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी और जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सहित संबंधित अधिकारी शामिल होंगे।

प्रशासन ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीनस्थ नोडल अधिकारियों और संबंधित थाना प्रभारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि सड़क दुर्घटना पीड़ितों को राहत पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया और अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *