जगदलपुर, 14 जुलाई 2026।
केंद्रीय विद्यालय संगठन रायपुर संभाग के भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय राज्य पुरस्कार परीक्षण शिविर में केंद्रीय विद्यालय जगदलपुर के स्काउट्स और गाइड्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और बस्तर का नाम रोशन किया। 6 से 10 जुलाई तक आयोजित इस राज्य स्तरीय शिविर में विद्यालय के 5 स्काउट्स और 7 गाइड्स ने विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
स्काउट्स के लिए केंद्रीय विद्यालय जांजगीर और गाइड्स के लिए केंद्रीय विद्यालय जीसी सीआरपीएफ बिलासपुर को शिविर केंद्र बनाया गया था। जगदलपुर से रचित राव कर्री, भव्य निर्मलकर, संकल्प सिंह, चिराग कोड़ोपी, प्रतीक पटेल तथा पूर्वी मनवानी, उन्नति तिवारी, निकिता ठाकुर, कामिनी भारती, अनुश्री सिंह, भावना हलदर और सुनिधि यादव ने पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ शिविर में भाग लिया।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों का स्काउट-गाइड कौशल, ध्वज शिष्टाचार, प्राथमिक उपचार, गांठ एवं बंधन, मानचित्र अध्ययन, शिविर कला, सामुदायिक सेवा और व्यक्तित्व विकास जैसे विभिन्न विषयों पर परीक्षण किया गया, जिसमें जगदलपुर के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी क्षमता साबित की।
विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार आसनानी ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, अनुशासन और सेवा भावना का विकास करते हैं तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।