पत्नी से संबंध का शक बना हत्या की वजह, दुकानदार की गला दबाकर मौत; 25 वर्षीय युवक हिरासत में

रायपुर 19सितंबर 2026/राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनोद में पत्नी से संबंध होने के शक को लेकर एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 25 वर्षीय युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक की पहचान वेद राम साहू (45) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, वेद राम साहू के यहां पुरुषोत्तम धीवर किराए पर आटो पार्ट्स की दुकान संचालित करता था। वेद राम को संदेह था कि पुरुषोत्तम के उसकी पत्नी के साथ संबंध हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद और कहासुनी होती थी।

बताया गया है कि विवाद के दौरान मामला बढ़ गया और पुरुषोत्तम ने कथित तौर पर वेद राम का गला दबा दिया। गंभीर हालत में उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर राखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने पुरुषोत्तम धीवर को हिरासत में लिया है। वह मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के धमनी गांव का निवासी बताया गया है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। हत्या की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *