डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर छात्र समागम: उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा बोले— ‘अच्छी संगत और अच्छी पुस्तकें ही युवाओं की सबसे बड़ी ताकत’

जगदलपुर12जुलाई 2026/भारत की अखंडता के प्रबल समर्थक, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में विशेष व्याख्यान एवं छात्र समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि जीवन में सही विचारधारा, अच्छी संगत और अच्छी पुस्तकों का अध्ययन ही सफलता का आधार है।
मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अपने राष्ट्रवादी विचारों और देशहित के प्रति समर्पण के कारण आज भी करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार डॉ. मुखर्जी की विचारधारा के अनुरूप देश और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) को रोजगारोन्मुख बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। नए महाविद्यालयों की स्थापना के साथ उच्च शिक्षा की अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है, ताकि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर मिल सकें।
डॉ. मुखर्जी युग प्रवर्तक नेता थे : कुलपति
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक युग प्रवर्तक नेता थे। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने दशकों पहले जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने की आवश्यकता बताई थी, जिसे वर्ष 2019 में पूरा किया गया। उन्होंने भारतीय भाषाओं में शिक्षा की वकालत की थी, जिसे आज राष्ट्रीय शिक्षा नीति में लागू किया गया है। उद्योग मंत्री के रूप में उन्होंने देश के आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए।
आधुनिक भारत के स्वप्नद्रष्टा थे डॉ. मुखर्जी : लता उसेंडी
बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आधुनिक भारत के स्वप्नद्रष्टा थे। उन्होंने सुविधाजनक जीवन छोड़कर राष्ट्रहित के लिए संघर्ष का मार्ग चुना। उन्होंने सिंदरी उर्वरक कारखाना, चितरंजन रेल लोकोमोटिव फैक्ट्री जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक संस्थानों की स्थापना में उनके योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं से कड़ी मेहनत कर रोजगार पाने के साथ-साथ रोजगार देने वाला बनने की अपील की।
एक देश, एक विधान और एक निशान के लिए समर्पित रहा जीवन
विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि डॉ. मुखर्जी केवल एक मेधावी छात्र ही नहीं, बल्कि शिक्षा, राजनीति, समाज, संस्कृति और औद्योगिक विकास के अग्रणी व्यक्तित्व थे। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने “एक देश, एक विधान, एक निशान” के सिद्धांत के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने युवाओं को लोकतंत्र के मूल्यों से जुड़ने और बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने का संदेश दिया।
राष्ट्र प्रथम की भावना जगाई : महापौर
महापौर संजय पांडेय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल तक से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने आजाद भारत में “राष्ट्र प्रथम” की भावना को मजबूत किया और लोगों को राष्ट्रीय एकता के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय में बनेगा ‘सेंटर फॉर होलिस्टिक डेवलपमेंट’
कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालय में “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सेंटर फॉर होलिस्टिक डेवलपमेंट” की स्थापना का प्रस्ताव रखा। इस पर उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रस्ताव का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। कुलपति ने बताया कि यह प्रदेश का ऐसा पहला केंद्र होगा, जहां समग्र विकास मॉडल पर अध्ययन और शोध किया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं वाले सभागार का हुआ लोकार्पण
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के एमबीए भवन में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए सभागार का भी अतिथियों द्वारा लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रश्मि देवांगन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. सजीवन कुमार ने किया। समारोह में विभिन्न शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों के प्राचार्य, जनप्रतिनिधि, विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षाविद् तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
छात्र समागम में शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के अलावा शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेश्वरी कन्या महाविद्यालय, शासकीय महिला पॉलिटेक्निक, आत्मानंद महाविद्यालय, क्राइस्ट महाविद्यालय, उद्यानिकी महाविद्यालय तथा आत्मानंद विद्यालय धरमपुरा सहित कई शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *