अहमदाबाद/सूरत/जूनागढ़3जुलाई2026/ गुजरात में मानसून की पहली तेज बारिश ने विकास के दावों की पोल खोल दी। 1 और 2 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश के बाद सूरत और जूनागढ़ में कई सड़कें अचानक धंस गईं, जिससे यातायात ठप हो गया और कई वाहन गड्ढों में फंस गए।
जूनागढ़ में एक लंबे समय से बिना मरम्मत पड़े गड्ढे के कारण लगातार हादसे हुए। सीसीटीवी में कैद इस घटना में 5 लोग घायल हो गए, जिनमें एक बाइक सवार दंपति भी शामिल है। दोनों को सिर में गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूरत में भी सड़क धंसने से एक सॉफ्ट वॉटर टैंकर और एक कार बीच सड़क में फंस गई। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए मौके पर मशीनें तैनात कीं और बैरिकेड लगाने का आश्वासन दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि हाल ही में हुई खुदाई के कारण मिट्टी का कटाव होने से सड़कें कमजोर पड़ गईं। वहीं, स्थानीय लोगों ने खराब निर्माण कार्य और ठेकेदारों की लापरवाही को हादसों के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों पर कार्रवाई और सड़कों की गुणवत्ता सुधारने की मांग की है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और भारी बारिश की संभावना जताई है।
बारिश ने खोल दी विकास की पोल! गुजरात में सड़कें धंसीं, CCTV में कैद हुआ हादसों का सिलसिला