बस्तर के सपनों को मिली उड़ान, अग्निवीर बनने की राह हुई आसानज्ञानगुड़ी में शुरू हुआ विशेष प्रशिक्षण, युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

जगदलपुर, 04 मई 2026/
बस्तर के युवाओं के भीतर देश सेवा का जो जज़्बा लंबे समय से पल रहा था, अब उसे सही दिशा और मजबूत मंच मिल गया है। जिला प्रशासन की पहल पर धरमपुरा स्थित ज्ञानगुड़ी में अग्निवीर भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। इस पहल से उन युवाओं के सपनों को नई ताकत मिली है, जो भारतीय थल सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना चाहते हैं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, जगदलपुर के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, जो 4 मई से शुरू होकर 4 जून तक चलेगा। एक महीने के इस क्रैश कोर्स में युवाओं को सेना की आधुनिक कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। खास बात यह है कि प्रशिक्षण में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों का समन्वय किया गया है, ताकि हर अभ्यर्थी को बेहतर समझ और अभ्यास का अवसर मिल सके।
प्रशासन ने इस कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए अनुभवी शिक्षकों और विषय विशेषज्ञों की टीम तैयार की है। चयनित कोचिंग संस्थाओं के माध्यम से युवाओं को परीक्षा के पैटर्न, प्रश्नों की प्रकृति और समय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की गहराई से जानकारी दी जा रही है। साथ ही तकनीकी संसाधनों को भी सुदृढ़ किया गया है, जिससे प्रतिभागियों को वास्तविक परीक्षा जैसा अनुभव मिल सके।
ज्ञानगुड़ी में प्रशिक्षण ले रहे युवाओं के उत्साह और भागीदारी से यह साफ झलक रहा है कि यह पहल बस्तर के भविष्य को नई दिशा देने वाली साबित हो सकती है। अब यहां के युवा केवल शारीरिक रूप से ही नहीं, बल्कि मानसिक और तकनीकी स्तर पर भी खुद को मजबूत बना रहे हैं।
जिला प्रशासन की यह कोशिश न केवल रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दे रही है, बल्कि बस्तर के युवाओं में आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना को भी नई ऊंचाई दे रही है। आने वाले समय में यह पहल निश्चित रूप से कई युवाओं को अग्निवीर बनकर देश सेवा का गौरव हासिल करने में मदद करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *