बीजापुर में IG का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण, पुलिस दरबार में जवानों की सुनी समस्याएं

बीजापुर, 21 नवंबर 2026। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्रीनारायण मीणा ने 19 और 20 नवंबर को बीजापुर जिले का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, विभिन्न शाखाओं, पुलिस परेड, वाहन शाखा और डॉग स्क्वाड का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस दरबार लगाकर जवानों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं भी सुनीं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के साथ बैठक में जिले में उपलब्ध पुलिस बल, रिक्त पदों, पंजीबद्ध और लंबित अपराधों तथा लंबित मर्ग प्रकरणों की समीक्षा की गई। IG ने लंबित मामलों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा CCTNS, CEIR और MRM पोर्टल की प्रगति की समीक्षा करते हुए आम नागरिकों से जुड़े ऑनलाइन प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया गया। माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में डिमाइनिंग और छिपाए गए डम्प की रिकवरी को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभियान को योजनाबद्ध तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए।

पुनर्वास केंद्र पहुंचकर पुनर्वासित माओवादियों से की मुलाकात

वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक पुनर्वास केंद्र भी पहुंचे, जहां उन्होंने पुनर्वासित माओवादियों से मुलाकात कर बातचीत की। उन्हें समाज की मुख्यधारा से जुड़कर शांतिपूर्ण और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान शासन की पुनर्वास नीति और कौशल विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

दूसरे दिन पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस परेड की सलामी ली और जवानों की वेशभूषा, परेड, वाहनों तथा डॉग स्क्वाड का निरीक्षण किया। इसके बाद आयोजित पुलिस दरबार में जवानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अंत में IG ने जिला पुलिस बीजापुर के कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों और जवानों से जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए लगातार काम करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *