झीरम कांड पर फिर टला फैसला, 5 सितंबर को होगी अगली सुनवाई

जगदलपुर31अगस्त 2026/छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित झीरम घाटी नक्सली हमले से जुड़े मामले में आज 31 अगस्त को NIA की स्पेशल कोर्ट में फैसला सुनाया जाना था, लेकिन फैसले की तारीख एक बार फिर आगे बढ़ गई है। अब मामले में अगली तारीख 5 सितंबर तय की गई है। ऐसे में अब सभी की नजरें 5 सितंबर पर टिकी हैं कि उस दिन अदालत फैसला सुनाती है या एक बार फिर तारीख बढ़ती है।

पिछली सुनवाई में दोनों पक्षों की अंतिम बहस पूरी होने के बाद न्यायालय ने फैसला सुरक्षित रखा था। इस मामले में कुल 11 आरोपियों के खिलाफ अभियोजन चला, जिनमें से एक आरोपी की मृत्यु हो चुकी है। शेष आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में सुनवाई हुई।

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 101 गवाहों के बयान न्यायालय में दर्ज कराए और दस्तावेजी साक्ष्य भी पेश किए। अंतिम बहस पूरी होने के बाद फैसले का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन 31 अगस्त को भी निर्णय नहीं आया।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 5 सितंबर को अदालत झीरम कांड में फैसला सुनाती है या मामले को फिर नई तारीख मिलती है। करीब 13 साल पुराने इस मामले में पीड़ित परिवारों और घटना में जान गंवाने वालों के परिजन लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

गौरतलब है कि झीरम घाटी हमला छत्तीसगढ़ के सबसे चर्चित और संवेदनशील नक्सली हमलों में शामिल है। इस मामले के न्यायिक निर्णय पर प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *