9मई2026
बिलासपुर जिले के पचपेड़ी परिक्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने नहर किनारे एक जंगली भालू को घूमते देखा। सुबह करीब 6 बजे पचपेड़ी और ध्रुवाकारी के बीच टहलने निकले लोगों की नजर जैसे ही भालू पर पड़ी, इलाके में डर का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए भालू को गांव की ओर बढ़ने से रोकने की कोशिश की। इसके बाद भालू केवंतरा और सुकुलकारी होते हुए भरारी जंगल की दिशा में चला गया। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है। लोग बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेज रहे और खेतों की ओर जाने से भी बच रहे हैं।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया। वन अमले के मुताबिक भालू की लगातार तलाश की जा रही है। उसका लोकेशन मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति भालू के पास जाने, उसे घेरने या उकसाने की कोशिश न करे। यदि कहीं भी भालू दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
ग्रामीणों का कहना है कि पहली बार इस तरह आबादी के इतने करीब भालू दिखाई दिया है, जिससे लोगों में डर और चिंता दोनों बढ़ गई है।