बंगाल में बदला सत्ता का इतिहास: शुभेंदु अधिकारी बने पहले BJP मुख्यमंत्री, ब्रिगेड ग्राउंड में हुआ भव्य शपथ समारोह

9मई2026

पश्चिम बंगाल -सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया अध्याय लिखते हुए मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में हजारों समर्थकों की मौजूदगी के बीच उन्होंने पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। आज़ादी के बाद यह पहला मौका है जब पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है और कोई भाजपा नेता मुख्यमंत्री बना है।
शपथ ग्रहण समारोह पूरी तरह शक्ति प्रदर्शन में बदल गया। मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्रीअमित शाह समेत एनडीए और भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री मौजूद रहे। पूरे ब्रिगेड मैदान को भगवा रंग में सजाया गया था और समारोह में भारी भीड़ उमड़ी।
मुख्यमंत्री के साथ पांच नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें  दिलीप घोष,  निशीथ प्रमाणिक,  अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया और खुदीराम टुडु शामिल हैं। भाजपा नेतृत्व ने इसे “बंगाल में परिवर्तन का नया दौर” बताया।
शपथ ग्रहण से पहले सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि “पूरे बंगाल की जीत” है। उन्होंने संकेत दिए कि उनकी सरकार विकास, उद्योग, रोजगार और कानून व्यवस्था पर ध्यान देगी। भाजपा नेताओं ने इसे डॉ.  श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों की पूर्ति बताया।
समारोह में एक भावुक पल तब देखने को मिला जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का सम्मान किया और उनका आशीर्वाद लिया। इस दृश्य ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
ब्रिगेड मैदान में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे। करीब चार हजार पुलिसकर्मी तैनात रहे, ड्रोन से निगरानी की गई और पूरे मैदान को कई सुरक्षा सेक्टरों में बांटा गया। कार्यक्रम में बंगाली संस्कृति की झलक भी दिखाई दी, जहां कलाकारों, साहित्यकारों और सांस्कृतिक हस्तियों की मौजूदगी रही।
दूसरी ओर तमिलनाडु की राजनीति में भी हलचल तेज रही। टीवीके प्रमुख  विजय की सरकार गठन की राह में बहुमत का गणित अटकता नजर आया, जबकि सहयोगी दलों के समर्थन को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *