कवर्धा, 16 मार्च 2026।
कवर्धा जिले में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। करीब 56 दिनों तक चली जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में 10वीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र को हिरासत में लिया है। आरोप है कि छात्र ने अपने ही डांस टीचर की गला रेतकर हत्या कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक 17 जनवरी 2026 को लालपुर नर्सरी के पीछे सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो मृतक की पहचान सत्यमदास मानिकपुरी के रूप में हुई, जो एक निजी स्कूल में डांस टीचर के रूप में कार्यरत था। शव के गले पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान पाए गए थे।
मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कई लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान एक नाबालिग छात्र के बारे में जानकारी मिली, जो मृतक के संपर्क में था।
पूछताछ में छात्र ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि शिक्षक उस पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। विरोध करने पर वह उसे बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था। लगातार मानसिक दबाव और डर से परेशान होकर छात्र ने शिक्षक से छुटकारा पाने की योजना बना ली।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन छात्र ने शिक्षक को मिलने के बहाने लालपुर नर्सरी के पीछे सुनसान स्थान पर बुलाया। वहां मौका पाकर उसने चाकू से शिक्षक के गले पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद छात्र वहां से फरार हो गया और इंटरनेट पर बचने के तरीके भी खोजता रहा।
पुलिस ने तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए नाबालिग को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कवर्धा में सनसनीखेज खुलासा: 10वीं के छात्र ने डांस टीचर की हत्या की, 56 दिन बाद सुलझी अंधे कत्ल की गुत्थी