चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, बटनदार चाकू बरामद

3जून2026

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों में भय का माहौल बनाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मेटगुड़ा नर्सरी क्षेत्र के पास एक युवक हाथ में बटनदार चाकू लेकर खुलेआम घूम रहा है और राहगीरों को डरा-धमकाकर दहशत फैला रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान नरेंद्र भारसा उर्फ मोदी (22 वर्ष), निवासी संजय गांधी वार्ड, जगदलपुर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर लोगों को भयभीत कर रहा था, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन रहा था। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों में डर पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *