शहीदों की स्मृति में खेला गया शौर्य स्मृति क्रिकेट लीग, दंतेवाड़ा में चौथे दिन रोमांचक मुकाबलेएसपी ऑफिस और जिला प्रशासन की जीत, जिला प्रशासन ने किया क्वार्टर फाइनल में प्रवेश

दंतेवाड़ा/ जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में अमर शहीद जवानों की स्मृति को समर्पित दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित शौर्य स्मृति क्रिकेट लीग का चौथा दिन उत्साह, रोमांच और खेल भावना से भरपूर रहा। टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  रामकुमार बर्मन (रा.पु.से.) की गरिमामय उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नगर उप पुलिस अधीक्षक  नसरूल्ला सिद्दकी, उप पुलिस अधीक्षक  राहुल कुमार ऊइके, रक्षित निरीक्षक सुशील नौटियाल, सिटी कोतवाली निरीक्षक  धनंजय सिन्हा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, क्रिकेट प्रेमी और आम नागरिक मौजूद रहे।
टूर्नामेंट के चौथे दिन का पहला मुकाबला किरंदुल बी और एसपी ऑफिस के बीच खेला गया। एसपी ऑफिस की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया। किरंदुल बी की टीम ने 66 रन का लक्ष्य रखा, जिसे एसपी ऑफिस की टीम ने 8.3 ओवर में 69 रन बनाकर हासिल कर लिया। इस मुकाबले में सूरज बघेल को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जिन्होंने 7 रन बनाने के साथ 3 विकेट भी झटके।
दूसरा मुकाबला जिला प्रशासन और बारसूर ए के बीच खेला गया। जिला प्रशासन की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की। बारसूर ए की टीम ने 67 रन का लक्ष्य दिया, जिसे जिला प्रशासन ने महज 5.3 ओवर में 70 रन बनाकर हासिल कर लिया। इस मैच में पीतांबर मांझी ने 34 रन बनाते हुए और 3 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।
दिन का अंतिम और निर्णायक मुकाबला एसपी ऑफिस एवं जिला प्रशासन के मध्य खेला गया। एसपी ऑफिस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए जिला प्रशासन की टीम ने 81 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में एसपी ऑफिस की टीम 10 ओवर में केवल 40 रन ही बना सकी। जिला प्रशासन की टीम ने यह मुकाबला 41 रनों से जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में प्रमोद ठाकुर को 7 रन बनाने और 2 विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
शौर्य स्मृति क्रिकेट लीग के माध्यम से न केवल खेल प्रतिभा को मंच मिल रहा है, बल्कि शहीद जवानों के बलिदान को भी सम्मानपूर्वक स्मरण किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *