मुख्यमंत्री दौरे से पहले सुशासन तिहार की तैयारियों में तेजी, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिए सख्त निर्देश

जगदलपुर, 02 मई 2026। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित बस्तर दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। उप मुख्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बस्तर सहित कई जिलों में सुशासन तिहार की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं।
समीक्षा बैठक में बालोद, बस्तर, दुर्ग और मानपुर-मोहला जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला पंचायत सीईओ शामिल हुए। विजय शर्मा ने कहा कि सुशासन तिहार केवल औपचारिक आयोजन न होकर जनता की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बने। उन्होंने शिविरों में आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने, शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और प्रशासनिक सेवाओं को सरल बनाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर स्थलों पर नक्शा-खसरा का निःशुल्क वितरण किया जाए, सेवा सेतु स्टॉल के माध्यम से शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाए तथा पुलिस विभाग साइबर अपराध, कानून व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी जागरूकता अभियान चलाए। साथ ही सुशासन तिहार के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, संगठन पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने बैठक में जानकारी दी कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 28, जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में 5 और नगर पंचायत बस्तर में 4 शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में सुशासन तिहार के साथ राजस्व पखवाड़ा, बस्तर मुन्ने और नियद नेल्लानार योजना 2.0 के तहत भी सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
शिविरों में मनरेगा मजदूरी भुगतान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड निर्माण एवं वितरण, राजस्व मामलों का समाधान, जाति प्रमाण पत्र, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में आयोजित इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, डीएफओ उत्तम गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर निगम और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सुशासन तिहार को लेकर प्रशासन की सक्रियता से स्पष्ट है कि सरकार जनता तक सीधे पहुंचकर समस्याओं के समाधान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *