पत्नी से प्रेम संबंध का शक बना हत्या की वजह, चाचा-भतीजे ने 22 वर्षीय युवक को मारकर तालाब में फेंका शव

रायपुर/तिल्दा-नेवरा।17नवंबर2026/ छत्तीसगढ़ के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में युवक की गुमशुदगी का मामला हत्या में बदल गया। पत्नी के साथ प्रेम संबंध होने के संदेह में एक व्यक्ति ने अपने भतीजे के साथ मिलकर 22 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को सीमेंट के पोल से बांधकर तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ईंट भट्ठे के पास से लापता हुआ था युवक

मामला ग्राम बेमता का है। जानकारी के मुताबिक, धनेश पाल ने 14 नवंबर को तिल्दा-नेवरा थाने में अपने बेटे पुरुषोत्तम पाल (22) की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम दोपहर करीब 3:30 बजे बेमता स्थित ईंट भट्ठे के पास से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पत्नी से संबंध का संदेह, पहले भी हुआ था विवाद

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गांव में रहने वाला शंकर पाल अपनी पत्नी और पुरुषोत्तम के बीच प्रेम संबंध होने का संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। घटना वाले दिन शंकर पाल और उसका भतीजा किशन उर्फ पिंटू यादव भी पुरुषोत्तम के साथ देखे गए थे। मृतक के दोस्तों से मिली जानकारी के बाद पुलिस का शक दोनों पर गहराया।

पूछताछ में हत्या की बात कबूली

पुलिस के अनुसार, हिरासत में पूछताछ के दौरान किशन यादव ने अपने चाचा शंकर पाल के साथ मिलकर पुरुषोत्तम की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने टंगिया से हमला कर उसकी जान ले ली। इसके बाद पहचान और सबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को सीमेंट के पोल से बांधकर ग्राम बेमता के मंजरी डबरी तालाब में फेंक दिया।

तालाब से बरामद हुआ शव, हथियार और मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तालाब से शव बरामद किया। मौके पर पहुंची सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टंगिया, मृतक का डंडा और मृतक सहित दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

दोनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल

पुलिस ने शंकर पाल उर्फ राजू (38) और किशन यादव उर्फ पिंटू यादव (20) को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 103(1), 238(क), 61(2)(क) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *