रांची 28सितंबर 2026/झारखंड के रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला को उसके पति द्वारा पुल से उफनती नदी में धकेलने का मामला सामने आया है। महिला नदी के तेज बहाव में बहते हुए एक टापू तक पहुंच गई और रातभर वहीं फंसी रही। रविवार सुबह ग्रामीणों ने उसे देखा और सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान 22 वर्षीय लखमनी देवी के रूप में हुई है। आरोप है कि उसका पति सुरेश महतो उर्फ मिथुनजय महतो उसे घूमाने के बहाने बाइक से लेकर निकला था। पहले जोन्हा फॉल के पास महिला को धक्का देने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है, लेकिन वहां लोगों की मौजूदगी के कारण वह ऐसा नहीं कर सका।
इसके बाद पैका जोड़ा पुल के पास पति ने पेट दर्द का बहाना बनाकर बाइक रोकी और कथित तौर पर महिला को नदी में धक्का दे दिया। तेज बहाव में बहते हुए महिला एक टापू पर पहुंच गई। इस दौरान उसका मोबाइल भी पानी में गिर गया, जिससे वह किसी से मदद नहीं मांग सकी।
महिला ने रातभर ठंड और पानी के बीच टापू पर रहकर गुजारी। रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक, महिला की शादी 12 मई 2026 को सुरेश महतो से हुई थी। महिला ने पुलिस को बताया कि उसे नहीं पता कि उसके पति ने उसके साथ ऐसा क्यों किया। महिला के बयान के आधार पर अनगड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी पति की तलाश कर रही है।