छत्तीसगढ़: ट्रेन में बम की सूचना से मचा हड़कंप, 45 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही एक्सप्रेस; एक व्यक्ति हिरासत में

राजनांदगांव में यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस को बम की सूचना मिलने के बाद रोका गया। पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और डॉग स्क्वायड ने चलाया जांच अभियान, सूचना की पुष्टि होना बाकी।

राजनांदगांव।13नवंबर2026/ छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफार्म नंबर-2 पर खड़ी यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रेलवे और पुलिस की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एहतियात के तौर पर ट्रेन को करीब 45 मिनट तक स्टेशन पर ही रोके रखा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल और रेलवे सुरक्षा बल के जवान तैनात किए गए। सुरक्षा एजेंसियों ने ट्रेन के विभिन्न हिस्सों और स्टेशन परिसर की जांच शुरू की। इस दौरान डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। अचानक हुई सुरक्षा जांच के चलते यात्रियों में चिंता और कौतूहल का माहौल रहा।

संदेह के आधार पर एक व्यक्ति हिरासत में

मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ट्रेन में बम होने की सूचना किसने और किन परिस्थितियों में दी थी। फिलहाल ट्रेन में विस्फोटक मिलने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस और रेलवे की सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही बम की सूचना की वास्तविकता और इसके पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *