इंदौर | मध्यप्रदेश के इंदौर में अपने अनोखे अंदाज़ और डांसिंग स्टाइल से ट्रैफिक कंट्रोल कर पहचान बनाने वाले पुलिसकर्मी रंजीत सिंह अब विभागीय कार्रवाई के चलते सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर एक महिला से आपत्तिजनक चैटिंग के आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस विभाग ने उनके खिलाफ कड़ा कदम उठाया है।
जांच में आरोप सही, घटा दिया गया पद
पुलिस विभाग द्वारा कराई गई विभागीय जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके आधार पर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए रंजीत सिंह को प्रधान आरक्षक (हेड कांस्टेबल) के पद से डिमोट कर आरक्षक बना दिया है।
पहले ही किए गए थे ऑफिस अटैच
मामला सामने आने के बाद रंजीत सिंह को पहले ही ऑफिस अटैच कर दिया गया था। इसके बाद पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की गई। जांच रिपोर्ट में सोशल मीडिया चैटिंग से जुड़ी शिकायतों को गंभीर मानते हुए कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी।
सोशल मीडिया से मिली थी लोकप्रियता
रंजीत सिंह ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान अपने डांसिंग अंदाज़ के कारण सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय रहे हैं। उन्हें लोग ‘डांसिंग सुपरकॉप’ के नाम से जानते थे। हालांकि, व्यक्तिगत आचरण को लेकर लगे आरोपों ने उनकी छवि पर सवाल खड़े कर दिए।
विभाग ने दिया सख्त संदेश
इस कार्रवाई के जरिए पुलिस विभाग ने साफ संदेश दिया है कि अनुशासन और मर्यादा से समझौता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे संबंधित कर्मचारी कितना भी चर्चित क्यों न हो।
डांस से पहचान बनाने वाले ‘सुपरकॉप’ पर गिरी कार्रवाई की छड़ी, रंजीत सिंह का हुआ डिमोशन