23अप्रैल 2026
जगदलपुर में चल रहे विकास कार्यों को लेकर कलेक्टर आकाश छिकारा ने गुरुवार को शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति परख़ी। इस दौरान उन्होंने सड़क चौड़ीकरण, नाली निर्माण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कामों को तय समयसीमा में और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि योजनाएं सिर्फ वर्तमान जरूरतों के लिए नहीं, बल्कि आने वाले समय में बढ़ती आबादी और यातायात के दबाव को ध्यान में रखकर तैयार की जाएं, ताकि शहर को लंबे समय तक राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान पल्ली नाका, धरमपुरा पीजी कॉलेज, महावीर कॉलोनी, एलआईसी चौक, वर्गीस कॉलोनी, आईबीसी कार्यालय, बालाजी मंदिर चौक और अनुपमा चौक जैसे इलाकों में नाली निर्माण की स्थिति का जायजा लिया गया। जलभराव वाले स्थानों पर विशेष ध्यान देते हुए कलेक्टर ने बेहतर जल निकासी के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं एलआईसी चौक से एमपीएम हॉस्पिटल मार्ग और हाता ग्राउंड से कोर्ट तिराहा तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य की भी समीक्षा की गई। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, लोक निर्माण विभाग के राजीव बतरा, विद्युत विभाग के खेस, तहसीलदार राहुल गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।