26 अप्रैल को बड़ी भर्ती परीक्षा: बस्तर के 46 केंद्रों में 12 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे मण्डी बोर्ड उप निरीक्षक परीक्षा

जगदलपुर, 23 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा मण्डी बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 26 अप्रैल, रविवार को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक बस्तर जिले के 46 परीक्षा केंद्रों में संपन्न होगी, जिसमें कुल 12,136 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां सैकड़ों अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को सुचारू और पारदर्शी तरीके से आयोजित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
व्यापम के निर्देशों के अनुसार, सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी और प्रवेश पत्र के साथ एक वैध पहचान पत्र का सत्यापन किया जाएगा।
परीक्षा के दौरान सख्त ड्रेस कोड लागू रहेगा—अभ्यर्थियों को हल्के रंग के कपड़े, हाफ टी-शर्ट और चप्पल पहनकर आना होगा। किसी भी प्रकार के आभूषण, घड़ी, मोबाइल, बेल्ट, जूते-मोजे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
यदि किसी अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र में फोटो नहीं है, तो उसे दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। साफ-सुथरा प्रिंटेड प्रवेश पत्र लाना भी जरूरी है।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार वर्मा को नोडल अधिकारी, डॉ. अनिल श्रीवास्तव को समन्वयक और डॉ. अजय सिंह ठाकुर को सहायक समन्वयक नियुक्त किया गया है।
 प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से नियमों का पालन करने और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *