15मई 2026
बस्तर जिले के दरभा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत चिंगपाल के बाजार चौक में गुरुवार को सुशासन तिहार 2026 के तहत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस क्लस्टर स्तरीय शिविर में चिंगपाल सहित आसपास की 14 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे। शिविर में शासन और प्रशासन ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
शिविर में भूमि पट्टों का वितरण किया गया, वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों का उपचार कर निःशुल्क दवाइयां बांटी। राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड और श्रम पंजीयन से जुड़े कार्यों को भी त्वरित रूप से पूरा किया गया, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली।
उद्यान विभाग ने किसानों को उन्नत किस्म के पौधे और बीज मिनीकिट वितरित किए, जबकि मत्स्य विभाग ने मछुआरों को आवश्यक सामग्री देकर प्रोत्साहित किया। शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष मानदई कश्यप, जिला पंचायत सदस्य सम्पती नाग, जनपद उपाध्यक्ष हरी प्रसाद कश्यप समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन और एसडीएम शंकर लाल सिन्हा ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।