15मई2026
बस्तर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 12 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत लगभग 6 लाख 15 हजार रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक धनपुंजी आरटीओ नाका के पास संदिग्ध हालत में सफेद बोरी लेकर वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर बोरी के भीतर तीन पैकेट में भरा 12.310 किलोग्राम गांजा मिला।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरेश मेघवाल निवासी जोधपुर, राजस्थान बताया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी गांजे की खेप उड़ीसा से लेकर राजस्थान जा रहा था। पुलिस ने गांजे के साथ नगदी भी जब्त की है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।