हैंडपंप की कतारों और पानी ढोने की परेशानी से मिली राहत, महिलाओं का समय और मेहनत दोनों बचे
रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा विकासखंड स्थित बारीउमराव गांव में जल जीवन मिशन से ग्रामीणों की जिंदगी आसान हुई है। कभी पानी के लिए घंटों हैंडपंप की कतार में खड़े रहना और दूर से पानी ढोकर लाना ग्रामीणों की दिनचर्या का हिस्सा था। गर्मियों में हैंडपंप खराब होने पर पानी जुटाना और भी मुश्किल हो जाता था। अब घरों में नल कनेक्शन लगने से ग्रामीणों को घर पर ही पानी उपलब्ध हो रहा है।
पानी के लिए भागदौड़ से मिली राहत
गांव के निवासी करमदास बताते हैं कि पहले पीने और घरेलू जरूरतों के लिए हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ता था। गर्मियों में लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता था और हैंडपंप खराब होने पर दूर से पानी लाना मजबूरी बन जाती थी। अब घर में नल से पानी मिलने के कारण इस परेशानी से काफी राहत मिली है।
महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा फायदा
जल जीवन मिशन के तहत गांव के सभी घरों में नल कनेक्शन लगाए जाने से महिलाओं और बुजुर्गों की पानी जुटाने की मशक्कत कम हुई है। पहले पानी भरने और उसे घर तक लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। अब यही समय परिवार और दूसरे जरूरी कामों में लगाया जा सकता है।
बारीउमराव गांव में आया यह बदलाव दिखाता है कि घर तक पानी पहुंचने से केवल एक बुनियादी जरूरत पूरी नहीं होती, बल्कि ग्रामीण परिवारों के समय, श्रम और रोजमर्रा की जिंदगी पर भी सकारात्मक असर पड़ता है।