पुलिसिंग को मिलेगी नई ताकत, टिकनपाल बना नया थाना

14मई 2026

दंतेवाड़ा जिले में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिले के टिकनपाल क्षेत्र में नए थाना का शुभारंभ किया गया, जिससे दूरस्थ ग्रामीण इलाकों के लोगों को अब पुलिस तक पहले से अधिक आसान और त्वरित पहुंच मिल सकेगी।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय (भा.पु.से.) ने गुरुवार को सशस्त्र बल कैंप चोलनार में अस्थायी रूप से संचालित होने वाले नवीन थाना टिकनपाल का उद्घाटन किया। इस दौरान एसडीओपी किरंदुल कमलजीत पाटले, रक्षित निरीक्षक सुशील नौटियाल, थाना प्रभारी किरंदुल संजय यादव, थाना प्रभारी बचेली प्रहलाद कुमार साहू, प्लाटून कमांडर मोहित बोहरे सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
नए थाना टिकनपाल के अंतर्गत थाना किरंदुल क्षेत्र के आठ गांवों — टिकनपाल, चोलनार, समलवार, मदाड़ी, मड़कामीरास, कुटरेम, कलेपाल और कदमपाल — को शामिल किया गया है। इससे इन गांवों के लोगों को छोटी-बड़ी शिकायतों और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
कार्यक्रम के दौरान उद्घाटन के साथ ही रोजनामचा लेखन कर थाना के औपचारिक कार्यों की शुरुआत भी की गई। उप निरीक्षक दीनानाथ वैष्णव को नए थाना का प्रभार सौंपा गया।
पुलिस विभाग का मानना है कि नए थाना के शुरू होने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी, वहीं ग्रामीणों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *