राष्ट्रीय खेल दिवस पर 241 बस्तरिया बटालियन का दमदार आयोजन

सेड़वा में वॉलीबाल के रोमांचक मुकाबले में गूंजा ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ का संदेश

जगदलपुर, 29 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर सीआरपीएफ की 241 बस्तरिया बटालियन द्वारा जिला बस्तर के ग्राम सेड़वा स्थित मुख्यालय परिसर में भव्य वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करना रहा।

प्रतियोगिता में ग्राम सेड़वा की स्थानीय वॉलीबाल टीम और 241 बस्तरिया बटालियन की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश, ऊर्जा और अनुशासन के साथ शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। अंततः 241 बस्तरिया बटालियन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और ट्रॉफी अपने नाम की।

खेल के मैदान से मजबूत हुआ भाईचारा

आयोजन के माध्यम से सुरक्षा बलों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच आपसी समन्वय, विश्वास, भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करने का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता ने क्षेत्र के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का भी काम किया।

समापन अवसर पर बटालियन की ओर से युवाओं को खेलों के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। विजेता टीम के साथ सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान द्वितीय कमान अधिकारी  संजय कुमार, उप कमाण्डेंट  निरंजन कुमार निराला, उप कमाण्डेंट  प्रमोद कुमार मीणा सहित बटालियन के अधीनस्थ अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *