तिरंगा जज्बा, दौड़ा जगदलपुर: स्वतंत्रता दौड़ में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब

जगदलपुर, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शुक्रवार को जगदलपुर में देशभक्ति और खेल भावना का अनूठा संगम देखने को मिला। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में महापौर संजय पांडेय, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस जवानों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और शहरवासियों ने उत्साह के साथ दौड़ लगाई। सुबह 8 बजे ऐतिहासिक मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से दौड़ की शुरुआत हुई। इससे पहले सिरहासार भवन के समीप स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। हरी झंडी दिखाकर रवाना हुई दौड़ संजय मार्केट, हनुमान मंदिर, हाता ग्राउंड, चांदनी चौक, शहीद पार्क चौक, पुराना बस स्टैंड, एसबीआई चौक, मेन रोड, गोल बाजार चौक और मिताली चौक होते हुए पुनः मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। स्वतंत्रता दौड़ ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के जरिए राष्ट्रप्रेम, स्वस्थ जीवनशैली और खेल भावना का संदेश दिया। आयोजन के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने टीबी मुक्त छत्तीसगढ़ का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *