तस्वीरों में दिखी बंटवारे की पीड़ा, ‘वंदे मातरम्’ का गौरव और तिरंगे का जज्बा

जगदलपुर, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में जनसंपर्क विभाग द्वारा ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस’ की थीम पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। स्वतंत्रता दौड़ के दौरान महापौर संजय पांडेय, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में वर्ष 1947 के भारत विभाजन के दौरान विस्थापित लोगों की पीड़ा, संघर्ष और दर्द को छायाचित्रों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व और स्वतंत्रता संग्राम में इसके योगदान के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों की झलकियां भी प्रदर्शित की गईं। महापौर संजय पांडेय ने कहा कि विभाजन की त्रासदी ने देशवासियों को गहरा दर्द दिया और नई पीढ़ी को उस दौर की पीड़ा व संघर्ष से परिचित कराने में ऐसी प्रदर्शनियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय चेतना, एकता और देशभक्ति का प्रतीक बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अपील पर 9 से 15 अगस्त तक चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बस्तर में भी तिरंगा यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनकी झलकियां प्रदर्शनी में देखने को मिलीं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, सहायक कलेक्टर यशवंत सहित अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *