सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली पिकअप से करीब 1 लाख रुपये का कबाड़ बरामद, आरोपियों की तलाश जारी
दंतेवाड़ा, 25अगस्त 2026। एनएमडीसी औद्योगिक क्षेत्र में चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए भांसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4 टन लोहे का अवैध कबाड़ बरामद किया है। पुलिस ने कबाड़ से भरी पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। बरामद कबाड़ की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को पुलिस टीम एमसीपी चेकिंग एवं फोरेस्ट/खनिज जांच नाका भांसी की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान करीब दोपहर 3 बजे आईडीआई मेन रोड, भांसी बाजारपारा के पास सड़क किनारे दो ट्रकों के बीच एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक CG-18-S-6590 लावारिस हालत में खड़ी दिखाई दी।
जांच के दौरान पुलिस ने वाहन का तिरपाल हटाकर देखा तो उसमें भारी मात्रा में लोहे का कबाड़ भरा हुआ मिला। कबाड़ का वजन लगभग 4 टन आंका गया। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली कि वाहन को बचेली की ओर से लाया गया था और वाहन छोड़कर कुछ लोग खाना खाने जाने की बात कहकर पैदल भांसी-किरंदुल की ओर चले गए।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए कबाड़ से भरी पिकअप को जब्त कर थाना भांसी में सुरक्षित रख लिया है। पुलिस अब कबाड़ के स्रोत, वाहन मालिक और इसमें शामिल आरोपियों की पहचान के संबंध में जांच कर रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से एनएमडीसी क्षेत्र में होने वाली चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।