16मार्च2026
राजनांदगांव जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पल भर में छीन लीं। छुरिया थाना क्षेत्र के दामाबंजारी के पास तेज रफ्तार मालवाहक पिकअप और बाइक की जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भुकर्रा के रहने वाले तीन युवक एक ही बाइक से महाराष्ट्र के काकोड़ी गए थे। वापस लौटते समय सामने से आ रही महाराष्ट्र नंबर की तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।
हादसे में तामेश्वरी साहू (26) और टिकेंद्र निषाद (27) को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं ललित निषाद (23) गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि टिकेंद्र निषाद विवाहित था और उसकी एक छोटी बच्ची भी है, जबकि तामेश्वरी साहू की शादी की तैयारियां घर में चल रही थीं। अचानक हुए इस हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिकअप चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।