16मार्च 2026
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। थाना छोटेबेठिया क्षेत्र में डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने सर्चिंग के दौरान 4 आईईडी बरामद किए, जिन्हें सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। साथ ही नक्सलियों द्वारा बनाए गए 4 स्मारकों को भी ध्वस्त कर दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर सुन्दरराज पी. के मार्गदर्शन में तथा प्रभारी डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल कुमार राखेचा के निर्देशन में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार, 94वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के 2IC प्रभारी सेनानी मनोज कसाना के नेतृत्व में डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम को कांकेर–नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सल गश्त और सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था।
15 मार्च 2026 को सर्चिंग के दौरान थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के ग्राम हापाटोला–बीनागुण्डा के जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप से 4 आईईडी सहित अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई। इसके अलावा ग्राम कलपर–आमाटोला में बनाए गए 4 नक्सली स्मारकों को भी सुरक्षाबलों ने ध्वस्त कर दिया।
बरामद सामग्री में शामिल हैं:
3 प्रेशर कुकर आईईडी (एक लगभग 10 किलोग्राम और दो लगभग 5–5 किलोग्राम)
1 पाइप आईईडी
बिजली वायर का एक बंडल
3 नक्सली वर्दी
फटाखा, नक्सली साहित्य और अन्य सामग्री
सुरक्षाबलों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आईईडी को मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। इलाके में फिलहाल सर्चिंग अभियान जारी है।