आगरा। 28अगस्त 2026/अमेरिका के मैरीलैंड में युवती की हत्या के मामले में वांछित आरोपी अर्जुन शर्मा को तेलंगाना पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार किया है। इंटरपोल नोटिस और गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद अमेरिका से भारत भागा अर्जुन पिछले करीब 15 दिनों से आगरा में अपनी मां के साथ फ्लैट में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से चेन्नई का रहने वाला अर्जुन सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। वह आगरा के कहरई स्थित शंकर ग्रीन अपार्टमेंट में अपनी मां के साथ रह रहा था। सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन का पता चलने के बाद तेलंगाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पार्टी के बहाने बुलाया, फिर कर दी हत्या
जांच में सामने आया है कि अर्जुन और 27 वर्षीय निकिता गोडिशाला एक-दूसरे को जानते थे और दोनों एक ही कंपनी में काम कर चुके थे। दोनों के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
आरोप है कि 31 दिसंबर 2025 की रात अर्जुन ने निकिता को नए साल की पार्टी के बहाने अपने फ्लैट पर बुलाया। अर्जुन ने पहले निकिता को कुछ डॉलर दिए थे और बाद में वह रकम वापस मांग रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
पुलिस के अनुसार, निकिता ने अपनी चचेरी बहन सरस्वती को फोन किया था। इसके बाद घटनाक्रम ने गंभीर रूप ले लिया और आरोप है कि अर्जुन ने निकिता की हत्या कर दी।
हत्या के बाद खुद ही दर्ज कराई गुमशुदगी
हत्या के बाद अर्जुन ने कथित तौर पर मामले को भटकाने की कोशिश की। उसने हॉवर्ड काउंटी पुलिस में निकिता के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई और बताया कि निकिता सुबह करीब सात बजे उसके फ्लैट से चली गई थी।
लेकिन जांच के दौरान एक अहम सुराग पुलिस के हाथ लगा। निकिता के मोबाइल फोन से अर्जुन के बैंक खाते में डॉलर ट्रांसफर किए गए थे। खास बात यह थी कि यह ट्रांजेक्शन उस समय के करीब एक घंटे बाद हुआ, जब अर्जुन ने निकिता के फ्लैट से चले जाने का दावा किया था।
यही लेनदेन अमेरिकी जांच एजेंसी के लिए अहम सुराग बना और अर्जुन पर शक गहरा गया।
हत्या के बाद अमेरिका से भारत भाग आया
जांच एजेंसियों का शिकंजा कसता देख अर्जुन अमेरिका से भारत आ गया। उसके खिलाफ इंटरपोल नोटिस जारी किया गया और नई दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से गैर-जमानती वारंट भी जारी हुआ।
तेलंगाना पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन आगरा में ट्रेस हुई और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मां दो साल से आगरा में रह रही थीं
पुलिस के मुताबिक, अर्जुन की मां पिछले करीब दो साल से कहरई स्थित शंकर ग्रीन अपार्टमेंट में रह रही थीं। इसी वजह से अर्जुन हत्या के बाद आगरा आकर मां के साथ रहने लगा था। पुलिस को भनक लगने से पहले वह करीब 15 दिन तक इसी फ्लैट में रहा।
चेन्नई में पढ़ाई, अमेरिका में मिली थी नौकरी
अर्जुन ने चेन्नई के गोपालापुरम स्थित डीएवी स्कूल से 10वीं और 12वीं की पढ़ाई की। इसके बाद उसने एसआरएम यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की। वर्ष 2021-22 में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गया, जहां उसने वॉशिंगटन डीसी और बाल्टीमोर क्षेत्र में प्रोजेक्ट इंजीनियरिंग में परास्नातक किया।
वर्ष 2023 में उसे अमेरिका में नौकरी मिल गई थी और वह करीब ढाई साल से वहां रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल वह न तो नौकरी कर रहा था और न ही कोई व्यवसाय।
हत्या के बाद देश बदलकर छिपने की कोशिश कर रहे अर्जुन तक आखिरकार पुलिस पहुंच गई। अब अमेरिकी हत्याकांड से जुड़े पूरे घटनाक्रम और भारत आने के बाद उसकी गतिविधियों की जांच की जा रही है।