जगदलपुर, 25अक्टूबर 2026। बस्तर जिले के ग्राम पोटानार में कृषि विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक और कृषि मॉडलों के माध्यम से ग्रामीणों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती के तरीकों की जानकारी दी। शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुम्हरावंड द्वारा ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय कृषि जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गांव में किसानों को नई कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए ‘कृषि सूचना केंद्र’ का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए मृदा स्वास्थ्य की देखभाल, रासायनिक खादों के संतुलित उपयोग और प्राकृतिक खेती के महत्व को सरल तरीके से समझाया। कृषि मॉडलों के माध्यम से भी आधुनिक खेती की पद्धतियों को प्रदर्शित किया गया, ताकि किसान इन तकनीकों को आसानी से समझकर खेती में अपना सकें।
गांव के संसाधनों और कृषि चुनौतियों का किया अध्ययन
कार्यक्रम के दौरान सहभागी ग्रामीण मूल्यांकन गतिविधि आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों और वैज्ञानिकों ने गांव की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक एवं कृषि संसाधनों और स्थानीय चुनौतियों का अध्ययन किया। साथ ही ग्रामीण विकास और कृषि की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
कृषि महाविद्यालय के वैज्ञानिक एवं रावे-रेडी समन्वयक डॉ. जेएल सलाम, सह-समन्वयक डॉ. नीता मिश्रा, डॉ. रेश्मा कौशल और डॉ. थानेश्वर देवांगन ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत के सरपंच संतोष मौर्य उपस्थित रहे। उपसरपंच बुधरू कश्यप, जनपद सदस्य गंगाराम बघेल, पंच महेंद्र ठाकुर, रामप्रसाद मौर्य और शिक्षा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता सहित स्थानीय किसान, ग्रामीणजन और पोटानार विद्यालय के विद्यार्थी भी शामिल हुए।
इस आयोजन से कृषि विद्यार्थियों को ग्रामीण क्षेत्रों में खेती की वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अवसर मिला। वहीं, कृषि वैज्ञानिकों और किसानों के बीच संवाद के माध्यम से वैज्ञानिक खेती की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने की पहल की गई।