देवरिया में ननद के सरकारी आवास पर भाभी की हत्या, दहेज प्रताड़ना का आरोप; पति समेत चार हिरासत में

देवरिया, 25 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित सरकारी आवास में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। महिला अपनी ननद के साथ रह रही थी, जो रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ नर्स के पद पर तैनात हैं। घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र के चंदवाड़ी गांव निवासी चमनलाल की पत्नी गुड़िया पिछले कुछ महीनों से अपनी ननद पूर्णिमा विश्वकर्मा के सरकारी आवास में रह रही थी। शनिवार की आधी रात महिला की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला के गले पर दबाव डालने और सिर पर किसी वस्तु से हमला किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद होगी।

पांच साल पहले हुई थी शादी, दहेज प्रताड़ना का आरोप

मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि गुड़िया की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों के मुताबिक, इस मामले में पहले भी कई बार पंचायत हो चुकी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर ही गुड़िया की हत्या की गई है।

रविवार सुबह मायके पक्ष के लोग कोतवाली पहुंचे और हंगामा किया। परिजनों ने शव दिखाए बिना पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने पर भी नाराजगी जताई।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस के अनुसार, मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। पति समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *