पलारी जनपद पंचायत के SDO रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, 25 हजार की दूसरी किस्त लेते ही ACB की कार्रवाई

बलौदा बाजार/20/02/2026बलौदाबाजार जिले के पलारी जनपद पंचायत में पदस्थ SDO गोपाल कृष्ण शर्मा को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई पलारी जनपद क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर ग्राम पंचायत से जुड़े मामले में की गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत भवानीपुर के स्कूल खेल मैदान में मुरूम समतलीकरण का लगभग 10 लाख रुपए का काम कराया गया था। काम पूरा होने के बाद भुगतान और अंतिम मूल्यांकन की प्रक्रिया लंबित थी। आरोप है कि SDO गोपाल कृष्ण शर्मा ने फाइल आगे बढ़ाने और अनुकूल सत्यापन रिपोर्ट देने के एवज में पहले 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी, जो बाद में 80 हजार रुपए में तय हुई। शिकायतकर्ता द्वारा 20 हजार रुपए पहले ही दिए जा चुके थे।
इसके बाद अधिकारी लगातार दूसरी किस्त के रूप में 25 हजार रुपए देने का दबाव बना रहा था। परेशान होकर ग्रामीणों ने ACB रायपुर में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
गुरुवार 19 फरवरी को शिकायतकर्ता तय रकम लेकर SDO के पास पहुंचा, जबकि ACB की करीब 15 सदस्यीय टीम पहले से ही मौके पर घात लगाकर मौजूद थी। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने 25 हजार रुपए नकद लिए, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की राशि जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी पहले पलारी जनपद पंचायत में सब इंजीनियर के पद पर कार्यरत था और हाल ही में प्रमोशन के बाद ग्रामीण यांत्रिकी विभाग में SDO बना था। मामला गिधपुरी थाना क्षेत्र का है।
ACB अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में अन्य कोई कर्मचारी या अधिकारी शामिल तो नहीं है। संबंधित फाइलों और दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच जारी है।
इस कार्रवाई के बाद जनपद पंचायत कार्यालय में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने ACB की कार्रवाई का स्वागत करते हुए सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर सख्ती की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *