नई दिल्ली/वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को संसद में केंद्रीय बजट 2026 पेश करते हुए अपने कार्यकाल का लगातार नौवां बजट भाषण दिया। बजट में जहां आम जनता को महंगाई से राहत देने के लिए कई अहम फैसले लिए गए, वहीं युवाओं, स्टार्टअप्स और डिजिटल क्रिएटर्स के लिए भी नए अवसरों के द्वार खोले गए हैं।
वित्त मंत्री ने घोषणा की कि देश में निर्मित वस्तुओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई उत्पादों पर कस्टम ड्यूटी घटाई गई है, जिससे आने वाले समय में रोजमर्रा की कई चीजें सस्ती होंगी।
ये सामान होंगे सस्ते
बजट के ऐलानों के बाद जिन वस्तुओं के दाम घटने की उम्मीद है, उनमें शामिल हैं—
कपड़े और टेक्सटाइल उत्पाद
लेदर व चमड़े से बने जूते-बैग
सिंथेटिक फुटवियर
कैंसर और डायबिटीज की 17 जरूरी दवाएं (ड्यूटी फ्री)
लिथियम आयन सेल और मोबाइल बैटरियां
सोलर ग्लास
मिक्स्ड गैस सीएनजी
इलेक्ट्रिक वाहन (EV)
माइक्रोवेव ओवन
विमानों का ईंधन
विदेश यात्रा का खर्च
इसके अलावा मोबाइल फोन के पार्ट्स सस्ते होने से मोबाइल की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।
विदेश पढ़ाई और स्पोर्ट्स भी होंगे सस्ते
सरकार ने विदेश में पढ़ाई करने वाले छात्रों को बड़ी राहत दी है। टीसीएस दर को 5% से घटाकर 2% कर दिया गया है, जिससे विदेशी शिक्षा का खर्च कम होगा। वहीं खेलों से जुड़े उपकरणों पर भी कस्टम ड्यूटी घटाई गई है, जिससे स्पोर्ट्स आइटम्स सस्ते मिलेंगे।
इन सेक्टर्स में बढ़ेगी महंगाई
जहां एक ओर कई वस्तुएं सस्ती होंगी, वहीं कुछ सेक्टर ऐसे भी हैं जिन पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाई गई है।
शराब
स्क्रैप
खनिज से जुड़े उत्पाद
इन क्षेत्रों में कीमतें बढ़ने की संभावना है।
डिजिटल क्रिएटर्स को बजट का बड़ा तोहफा
बजट 2026 में सरकार ने युवाओं और डिजिटल क्रिएटर्स को खास तवज्जो दी है।
देशभर के 15,000 स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब्स स्थापित की जाएंगी, जिससे यूट्यूब, इंस्टाग्राम और डिजिटल मीडिया से जुड़े युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण मिलेगा।
साथ ही गेमिंग, एनीमेशन और AVGC सेक्टर को बढ़ावा देने की घोषणा की गई है। सरकार का अनुमान है कि 2030 तक इस सेक्टर में 20 लाख से अधिक प्रोफेशनल्स की जरूरत होगी।
मुंबई में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज की स्थापना भी की जाएगी।
बजट 2026: आम आदमी को बड़ी राहत, कपड़े-मोबाइल से लेकर विदेश पढ़ाई तक होगा सस्ता, क्रिएटर्स के लिए खुलेंगे नए मौके