डिजिटल मंच पर चमके बस्तर के शिक्षक, 10 शिक्षकों को मिला ‘पोस्ट ऑफ द मंथ’ सम्मान

जगदलपुर, 15 जुलाई 2026। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, रचनात्मक पहल और स्कूलों की प्रेरक कहानियों को प्रभावी ढंग से डिजिटल मंच पर प्रस्तुत करने वाले बस्तर जिले के 10 शिक्षकों को मंगलवार को आयोजित एक विशेष समारोह में ‘पोस्ट ऑफ द मंथ’ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा एवं सहायक कलेक्टर के हाथों प्रदान किया गया।
सम्मानित शिक्षकों को उनके विद्यालयों में किए जा रहे उत्कृष्ट नवाचारों, विद्यार्थियों के हित में किए गए रचनात्मक कार्यों और प्रेरणादायक गतिविधियों को व्यापक स्तर पर साझा करने के लिए सराहा गया। समारोह में जिला मिशन समन्वयक अशोक पाण्डेय, विनोबा टीम के हेमंत चंद्रा एवं कुलदीप कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी चयनित शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा उनके प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्कूलों की उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि ऐसे सम्मान शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का समर्पण ही विद्यार्थियों और समाज के बेहतर भविष्य की नींव है।
कार्यक्रम का समापन सम्मानित शिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं देने के साथ हुआ। अतिथियों ने शिक्षकों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों की इस प्रेरक यात्रा को आगे भी निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *