जगदलपुर, 25 सितंबर 2026। बस्तर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जगदलपुर के नयामुंडा क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी किराना दुकान के साथ-साथ दो स्कूटी की डिक्की में शराब रखकर बिक्री कर रहा था।
पुलिस को 24 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि नयामुंडा निवासी मनोहर भुआर्य (43) अपनी किराना दुकान और पास में खड़ी दो स्कूटी की डिक्की में अंग्रेजी शराब व बीयर रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर बोधघाट पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान दुकान और दोनों स्कूटी से अलग-अलग कंपनियों की कुल 23.43 लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 15,170 रुपये बताई गई है। इसके अलावा दोनों स्कूटी की अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये है। पुलिस ने कुल 95,170 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी से शराब रखने और बिक्री के संबंध में वैध लाइसेंस या दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान सहित बोधघाट पुलिस और क्राइम ब्रांच के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।