30मई 2026
रायपुर। आम के शौकीनों और बागवानी से जुड़े लोगों के लिए राजधानी रायपुर में तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 29 से 31 मई तक कृषि महाविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में देश-विदेश की 250 से अधिक आम की किस्में एक ही छत के नीचे देखने को मिलेंगी। आयोजन का उद्देश्य आम उत्पादन, प्रसंस्करण और उससे जुड़े व्यवसाय को बढ़ावा देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को इस क्षेत्र में अवसरों से परिचित कराना है।
महोत्सव के दौरान विभिन्न राज्यों से आए आम उत्पादक अपनी उत्कृष्ट और दुर्लभ प्रजातियों का प्रदर्शन करेंगे। यहां आगंतुक न केवल अलग-अलग किस्मों के आमों को करीब से देख सकेंगे, बल्कि आम से तैयार उत्पादों और पौधों की खरीदारी भी कर पाएंगे। प्रदर्शनी प्रतिदिन रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।
कार्यक्रम में आम की विभिन्न किस्मों की प्रतियोगिता के साथ-साथ आम से बने व्यंजन और सजावट प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसमें छात्र-छात्राएं, महिलाएं, गृहिणियां और आम नागरिक उत्साहपूर्वक भाग ले सकेंगे। आयोजन में प्रवेश और पंजीयन पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है।
महोत्सव के दूसरे दिन विशेषज्ञों द्वारा किसानों और युवाओं के लिए विशेष तकनीकी सत्र आयोजित होगा, जिसमें गुणवत्तापूर्ण आम उत्पादन, प्रसंस्करण तकनीक, विपणन और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं अंतिम दिन सफल आम उत्पादकों और उद्यमियों के अनुभव साझा किए जाएंगे तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों का मानना है कि यह महोत्सव आम प्रेमियों के लिए एक अनूठा अनुभव साबित होगा और किसानों को आधुनिक तकनीकों तथा नए व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।