टांडपाल आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता भर्ती, 6 जून तक करें ऑनलाइन आवेदन

25मई 2026

जगदलपुर। एकीकृत बाल विकास परियोजना तोकापाल के अंतर्गत ग्राम पंचायत टाहकापाल के टांडपाल आंगनबाड़ी केंद्र में रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र महिला अभ्यर्थी आगामी 6 जून 2026 तक विभागीय वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।

परियोजना अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार आवेदन करने वाली महिला की आयु 18 से 44 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं संगठित क्षेत्र में एक वर्ष या उससे अधिक अनुभव रखने वाली कार्यकर्ता, सहायिका या सह-सहायिका को आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट दी जाएगी।

भर्ती की प्रमुख शर्तों में आवेदिका का उसी ग्राम की स्थायी निवासी होना अनिवार्य है, जहां आंगनबाड़ी केंद्र स्थित है। स्थानीय निवास प्रमाण के लिए मतदाता सूची, पंचायत प्रमाण पत्र अथवा पटवारी द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र मान्य होगा।

शैक्षणिक योग्यता के तहत 12वीं (पुरानी पद्धति से 11वीं) उत्तीर्ण होना आवश्यक है। हालांकि योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने की स्थिति में विशेष परिस्थितियों में 10वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों पर भी विचार किया जा सकता है।

यह पद पूर्णतः मानसेवी एवं अशासकीय प्रकृति का होगा, जिसमें शासन द्वारा निर्धारित मानदेय दिया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में अनुसूचित जाति-जनजाति परिवार, अनुभवी कार्यकर्ता, विधवा, तलाकशुदा एवं परित्यक्ता महिलाओं को बोनस अंक का लाभ मिलेगा। इसके अलावा गरीबी रेखा परिवार और आश्रम शाला में अध्ययनरत छात्राओं को भी प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।

विभाग ने सभी आवेदिकाओं से आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज स्वप्रमाणित कर अपलोड करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *