भागलपुर। 23अगस्त 2026/गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर से भागलपुर में बाढ़ का खतरा गहराता जा रहा है। रविवार सुबह 6 बजे गंगा का जलस्तर 33.10 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 32.68 मीटर से 42 सेंटीमीटर ऊपर है। नदी अब खतरे के निशान 33.68 मीटर से महज 58 सेंटीमीटर नीचे रह गई है।
गंगा का पानी शहर और आसपास के निचले इलाकों में तेजी से फैल रहा है। जमुनिया धार पूरी तरह जलमग्न हो गई है, जबकि सखीचंद घाट, बूढ़ानाथ और बड़ी खंजरपुर तक पानी पहुंच गया है। कई जगह पानी मोहल्लों के करीब पहुंचने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
सबौर प्रखंड के रजंदीपुर, इंग्लिश, ममलखा और फरका समेत कई गांवों के निचले इलाकों में भी पानी प्रवेश कर चुका है। फरका के खेल मैदान में पानी भर गया है। ग्रामीण बांध पर मिट्टी डालकर पानी के बहाव को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
बाढ़ के पानी से मक्का, मिर्च, सब्जियों और अन्य फसलों को नुकसान की आशंका है। ग्रामीण परिवार जरूरी सामान, अनाज और पशुचारा सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए हैं।
कहलगांव और आसपास की सहायक नदियों में भी जलस्तर बढ़ने से स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जल संसाधन विभाग लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है। गंगा के जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो आने वाले एक-दो दिन भागलपुर के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो सकते हैं।