जगदलपुर, 25 जनवरी 2026/
बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर के लिए यह क्षण गर्व और उपलब्धि का प्रतीक बन गया है। राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कुम्हारपारा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक (NQAS) प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि के साथ ही जगदलपुर ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जहाँ शहर के तीनों शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर—कुम्हारपारा, धरमपुरा एवं गीदम रोड—राष्ट्रीय स्तर के गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे हैं।
यह सफलता कलेक्टर महोदय एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कुशल मार्गदर्शन और सतत निगरानी का परिणाम है। उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य केंद्र ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की टीम द्वारा किए गए विस्तृत निरीक्षण में 12 कड़े राष्ट्रीय पैमानों पर अपनी गुणवत्ता सिद्ध की।
केंद्रीय टीम के मूल्यांकन में पाया गया कि स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक दवाइयों एवं आधुनिक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता, उच्च स्तरीय उपचार व्यवस्था, तथा संक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन और स्टाफ की कार्यकुशलता अत्यंत सराहनीय है। निरीक्षण के दौरान केवल चिकित्सकीय सेवाओं ही नहीं, बल्कि रोगी संतुष्टि, सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाएं, जन-जागरूकता गतिविधियां और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का भी गहन आकलन किया गया, जिसके आधार पर यह प्रमाणन प्रदान किया गया।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर महापौर संजय पांडेय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जगदलपुर शहर के तीनों शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अब राष्ट्रीय स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने इसे पूरे शहर के लिए गर्व का विषय बताते हुए स्वास्थ्य विभाग और नागरिकों को बधाई दी।
वहीं, शहरी जिला कार्यक्रम प्रबंधक पी.डी. बस्तिया ने इस उपलब्धि को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक “मील का पत्थर” बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रमाणन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लगातार परिश्रम, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतिफल है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि अब जगदलपुर के नागरिकों को अपने ही शहर में सुरक्षित, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
जगदलपुर की स्वास्थ्य सेवाओं ने रचा राष्ट्रीय कीर्तिमानकुम्हारपारा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण पत्र