जगदलपुर, 6 अगस्त। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष 2026 की तृतीय नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जगदलपुर द्वारा अधिवक्ताओं एवं बीमा कंपनियों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिक से अधिक प्रकरणों का आपसी सहमति से निपटारा कराने और लोक अदालत को सफल बनाने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष गोविंद नारायण जांगड़े के मार्गदर्शन में तथा व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी एवं सचिव अंकिता कश्यप की उपस्थिति में जिला न्यायालय परिसर स्थित मध्यस्थता कक्ष में बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, पदाधिकारी, अधिवक्तागण तथा बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान लंबित आपराधिक, दीवानी, मोटर दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, बीमा एवं धारा 138 एन.आई. एक्ट से जुड़े मामलों का अधिक से अधिक संख्या में आपसी समझौते के माध्यम से निराकरण कराने की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में पक्षकारों के बीच प्री-सिटिंग आयोजित कर समझौते को बढ़ावा देने तथा नेशनल लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों का शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। साथ ही सभी अधिवक्ताओं एवं संबंधित पक्षों से लोक अदालत में सक्रिय सहयोग और अधिकाधिक प्रकरणों के निराकरण में सहभागिता की अपील की गई।