बस्तर, 30 मई। जिले के करपावंड थाना क्षेत्र के चिउरगांव में लोगों को चाकू दिखाकर डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने 29मई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि चिउरगांव निवासी 28 वर्षीय युवक संतोष कुमार मंडल गांव में हाथ में धारदार चाकू लेकर घूम रहा है और आम लोगों को भयभीत कर रहा है। उसकी हरकतों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।