लिपिक कर्मचारियों को लेखा प्रशिक्षण का सुनहरा मौका, 31 जनवरी तक आवेदन

जगदलपुर, 20 जनवरी 2026/
राज्य शासन के विभिन्न विभागों में कार्यरत बस्तर संभाग के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के लिए लेखा प्रशिक्षण प्राप्त करने का सुनहरा अवसर है। शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला, बस्तर संभाग जगदलपुर द्वारा आगामी मार्च सत्र के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
प्राचार्य द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह लेखा प्रशिक्षण सत्र 01 मार्च 2026 से प्रारंभ होकर 30 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण हेतु बस्तर संभाग के सभी सात जिलों के कर्मचारियों के लिए कुल 50 सीटें निर्धारित की गई हैं। इच्छुक एवं पात्र कर्मचारी कार्यालय प्रमुख की अनुशंसा सहित अपना आवेदन पत्र 31 जनवरी 2026 की शाम 5.30 बजे तक जमा कर सकते हैं। आवेदन केवल विशेष वाहक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
प्रशिक्षण में वही लिपिक वर्गीय कर्मचारी पात्र होंगे जिनका नियमित सेवाकाल न्यूनतम तीन वर्ष पूर्ण हो चुका हो तथा जिनकी परिवीक्षा अवधि समाप्त हो चुकी हो। साथ ही आवेदक का पूर्णतः स्वस्थ होना आवश्यक है, जिससे वे चार माह का प्रशिक्षण नियमित रूप से पूरा कर सकें। पूर्व सत्रों में प्रवेश से वंचित रहे कर्मचारियों के पुराने आवेदन स्वतः निरस्त माने जाएंगे और उन्हें नए सिरे से आवेदन करना होगा।
आवेदन के साथ सेवा पुस्तिका के प्रथम पृष्ठ, वेतन वृद्धि एवं नियमितीकरण से संबंधित पृष्ठों की प्रमाणित छायाप्रति, दिसंबर 2025 की ऑनलाइन वेतन पर्ची, जाति प्रमाण पत्र, 10वीं-12वीं की अंकसूची तथा मुद्रलेखन या कंप्यूटर परीक्षा उत्तीर्ण होने का प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया संयुक्त संचालक, कोष लेखा एवं पेंशन जगदलपुर की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा की जाएगी।
इच्छुक कर्मचारी अपने आवेदन प्राचार्य, शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला, बस्तर संभाग, जिला कार्यालय परिसर, जगदलपुर (पिन कोड-494001) के पते पर निर्धारित समय सीमा के भीतर भेज सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *