जगदलपुर, 20 जनवरी 2026/ बस्तर संभाग के शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे टी (ट्राइबल) एवं ई (एजुकेशन) संवर्ग के शिक्षकों तथा प्राथमिक शालाओं के प्रधान पाठकों का इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। स्नातक एवं प्रशिक्षित शिक्षकों को प्रधान पाठक (पूर्व माध्यमिक शाला) के पद पर पदोन्नत करने के लिए विभाग द्वारा आधिकारिक परिपत्र जारी करते हुए विस्तृत समय-सारिणी घोषित कर दी गई है।
संयुक्त संचालक, स्कूल शिक्षा विभाग एच.आर. सोम ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पूरी पदोन्नति प्रक्रिया जनवरी के अंत से प्रारंभ होकर मार्च के प्रथम सप्ताह तक पूर्ण कर ली जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 31 जनवरी 2026 को 1 अप्रैल 2024 की स्थिति के आधार पर शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 4 फरवरी 2026 को पदोन्नति के लिए पात्र शिक्षकों की सूची जारी होगी।
प्रक्रिया को समयबद्ध और सुव्यवस्थित बनाने के लिए 13 फरवरी तक गोपनीय चरित्रावली, चल-अचल संपत्ति विवरण एवं मतांकन का कार्य पूर्ण किया जाएगा। 16 फरवरी को पदोन्नति समिति की बैठक की सूचना जारी की जाएगी, जबकि 20 फरवरी 2026 को विभागीय पदोन्नति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। समिति की स्वीकृति के पश्चात 23 फरवरी को पदोन्नति आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
शिक्षकों की पदस्थापना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से काउंसलिंग की व्यवस्था भी की गई है। पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद 2 मार्च से 5 मार्च 2026 के बीच काउंसलिंग की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। इस तरह 6 मार्च तक पूरी पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी, जिससे सैकड़ों शिक्षकों को उनका बहुप्रतीक्षित अधिकार मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।