सड़क पर मलबा फैलाया, नाली जाम की तो लगी भारी कीमत, बंसल क्लीनिक पर 10 हजार का जुर्माना

जगदलपुर, 20 जनवरी 2026/ शहर की यातायात व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने को लेकर जगदलपुर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की है। सार्वजनिक सड़क पर निर्माण सामग्री फैलाने और नाली जाम करने के मामले में नगर निगम ने बंसल क्लीनिक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
नगर निगम प्रशासन के संज्ञान में आया कि बंसल क्लीनिक में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान रेती और गिट्टी को बेतरतीब ढंग से सड़क पर डंप कर दिया गया था। इससे न केवल राहगीरों और वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही थी, बल्कि निर्माण सामग्री नालियों में भर जाने से जल निकासी व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। इस स्थिति से क्षेत्र में गंदगी और अव्यवस्था फैल गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को नगर निगम के स्वच्छता विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान निगम के तय स्वच्छता मानकों और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर स्वच्छता इंस्पेक्टर अजय बनिक, जोन प्रभारी समीर खान और शक्ति वेल की मौजूदगी में त्वरित कार्रवाई की गई। क्लीनिक प्रबंधन पर गंदगी फैलाने और नाली जाम करने के आरोप में 10 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
नगर निगम ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर की सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण या गंदगी फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों और निर्माणकर्ताओं से अपील की है कि वे निर्माण सामग्री निर्धारित स्थान पर ही रखें और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *