बिहान योजना से बदली सुनीता की जिंदगी, किराना दुकान से कमाया 60 हजार रुपये का मुनाफा

रायपुर 16 अक्टूबर 2026 छत्तीसगढ़ में बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित हो रही है। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड के कोरंधा गांव की सुनीता गुप्ता ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर किराना दुकान शुरू की और अब तक करीब 60 हजार रुपये का मुनाफा अर्जित किया है।

परिवार की सीमित आय के कारण सुनीता गुप्ता को घर की जरूरतें पूरी करने में चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। अतिरिक्त आमदनी के लिए उन्होंने गायत्री स्व-सहायता समूह से जुड़ने का निर्णय लिया। समूह में नियमित बचत और सदस्यों के सहयोग से उन्हें स्वरोजगार का अवसर मिला।

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत बैंक ऋण लेकर सुनीता ने किराना दुकान शुरू की। अपनी मेहनत और बेहतर व्यवसाय संचालन के दम पर उन्होंने दुकान को आगे बढ़ाया। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई और व्यवसाय का विस्तार करने का उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा।

सुनीता गुप्ता का कहना है कि बिहान योजना से मिली सहायता ने उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि शासन की योजनाएं ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में संबल प्रदान कर रही हैं।

सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा की कहानी’ श्रृंखला में सामने आई सुनीता की यह सफलता बताती है कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर परिवार की आय बढ़ाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *