महिला से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा

बस्तर पुलिस की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में दर्ज है मामला

जगदलपुर, 15 अक्टूबर 2026। बस्तर जिले के जगदलपुर में महिला से छेड़छाड़ के मामले में कोतवाली पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर आरोपी गौरव बिसाई (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर महिला के साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 11 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 बजे की है। पीड़िता अपने किराए के मकान में खाना बना रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले गौरव बिसाई ने कथित तौर पर उसके हाथ और बांह पकड़कर छेड़छाड़ की। मामले में पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना, जगदलपुर में अपराध क्रमांक 230/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 और 331(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा अन्य साक्ष्य जुटाए। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक धोत्रे सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, थाना प्रभारी पीएसआई रानी सोनी, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने तथा आरक्षक भीम मंडावी, टामन बघेल, हरीश कश्यप और राजू की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *