लॉ कॉलेज में जूनियर छात्र को घेरकर पीटने का आरोप, VIDEO वायरल; बाहरी युवकों की एंट्री पर लगी रोक

बिलासपुर12सितंबर 2026/डीपी विप्र लॉ कॉलेज में एक जूनियर छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलेज परिसर में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कुछ सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्र तुषार दुबे को घेरकर उसके साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने से इनकार करने के बाद छात्र के साथ यह घटना हुई।

वायरल वीडियो में कुछ युवक छात्र के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना में कुछ पूर्व छात्रों के शामिल होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, मारपीट के पीछे की पूरी वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज के छात्रों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है। जूनियर छात्रों में सुरक्षा को लेकर चिंता की स्थिति बताई जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कॉलेज कमेटी ने परिसर में बाहरी युवकों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।

कॉलेज प्रबंधन की ओर से परिसर में अनुशासन बनाए रखने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्ती बरतने की बात कही गई है। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों और जिम्मेदार लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *